सॉफ्टवेयर कंपनी आइबेरी सॉल्यूशंस ने बच्चों को भारी-भरकम बस्ते से निजात दिलाने के लिए एक लैपटॉपनुमा ईबेरी एडबुक पेश किया है। इसे ई-बस्ते का रूप दिया गया है। कंपनी का दावा है कि दुनिया भर में अपनी तरह का यह पहला उत्पाद शिक्षा तथा प्रौद्योगिकी के मेल से बच्चों को कागज-कॉपी के बोझ से छुटकारा दिलाने का प्रयास है। कंपनी के मुख्य कार्याधिकारी प्रबिंद कुमार सिंह ने बताया कि यह कंप्यूटरनुमा उपकरण है। जो बच्चों को कहीं भी पढ़ाई करने में मददगार साबित होगा। इसमें किताब-कॉपियों का बोझ भी नहीं है। उन्होंने बताया कि फिलहाल यह पेशकश छह से बारहवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए है। इसे एनसीईआरटी के पाठ्यक्रम को आधार बनाकर सीबीएसई बोर्ड से शुरू किया गया है। इसमें बच्चों की अध्ययन सामग्री और पाठ्य पुस्तकों के लिंक ऑडियो विज्युअल फॉर्मेट में उपलब्ध हैं जो शिक्षा को और मनोरंजक बनाते हैं। एडबुक में एक वर्चुअल लाइब्रेरी, वायरसमुक्त ओपन सोर्स आपरेटिंग सिस्टम के साथ कैमरा, टचपैड तथा इंटरनेट प्रिंटर लगाने की सुविधा है। प्रबिंद सिंह ने बताया कि यह एडबुक ई-ट्यूटर की नि:शुल्क सुविधा भी देगी। जो अभिभावकों की ट्यूटर संबंधी चिंता को दूर करते हुए बच्चों को बेहतर विकल्प उपलब्ध कराती है। लैपटॉपनुमा इस एडबुक में स्वमूल्यांकन के लिए क्विज, अंग्रेजी-हिंदी अनुवाद, सुरक्षित वेब ब्राउजिंग, ईबी विकी तथा ईबी ट्यूब जैसी अनेक सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं। इसमें हाइस्पीड इंटरनेट का उपयोग किया जा सकता हैं।
No comments:
Post a Comment