स्टॉकहोम। विकिलीक्स पर अमेरिका की नजर लगातार टेढ़ी होती जा रही है। विकिलीक्स की वेबसाइट को हैक करने की लगातार जारी कोशिशों के बाद अब अमेरिका ने उसकी डोमेन सेवा को बंद कर दिया है। हालांकि विकिलीक्स एक नए वेब एड्रेस के साथ छह घंटे बाद ही चालू हो गई।
इसका नया वेब एड्रेस विकिलीक्स.सीएच है।
जो कि स्विट्जरलैंड का है। डोमेन नेम किसी भी वेबसाइट का नाम और पहचान होता है। इस डोमेन नेम सिस्टम (डीएनएस) के नियम के जरिए प्रत्येक वेबसाइट को उसका नाम आवंटित किया जाता है। डोमेन नेम देने वाली अमेरिकी संस्था एवरी डीएनएस ने विकिलीक्स डॉट ओआरजी को मिलने वाली अपनी सेवा बंद कर दी थी। इसके बाद अब विकिलीक्स के नाम इस पते से इंटरनेट पर ढूंढने के दौरान कुछ भी परिणाम नहीं आएगा। एवरी डीएनएस ने यह कदम इस वेबसाइट पर लगातार हो रही हैकिंग की कोशिशों के बाद सुरक्षा उपायों के लिहाज से उठाया है। एवरी डीएनएस के नाम से जारी बयान में बताया गया है कि बृहस्पतिवार को इस वेबसाइट को दी जाने वाली सेवा बंद कर दी गई है। इस वेबसाइट से बाकी नेटवर्क के संचालन में खतरा पैदा हो गया था। विकिलीक्स ने भी सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर इस सेवा के बंद किए जाने की पुष्टि कर दी थी। विकिलीक्स ने नए पते से साइट शुरू होने की घोषणा ट्विटर पर भी की है। उसने कहा है कि अब हम स्विट्जरलैंड से अपनी वेबसाइट चलाएंगे।
No comments:
Post a Comment