भारत में पहली बार आई पीसीवाइजर टेक्नोलॉजी, चोरी करने वाले की तस्वीर और आवाज तक पता लग जाएगी
क्या आपको अपना लैपटॉप चोरी होने का डर रहता है? अब इस डर को निकाल दें क्योंकि नई तकनीक के जरिए आपका कंप्यूटर न सिर्फ चोर का पता बता देगा बल्कि उसकी तस्वीर भी दिखा देगा। इस नई तकनीक का नाम है पीसीवाइजर। भारत में पहली बार आई यह तकनीक 24 घंटे आपके कंप्यूटर की सुरक्षा करेगी। बस आपको इसे अपने लैपटॉप में इंस्टॉल कराना होगा।
ऐसे होगी सुरक्षा
दरअसल जब भी चोर आपका लैपटॉप खोलेगा और इसे इंटरनेट से कनेक्ट करेगा, पीसीवाइजर स्वचालित तरीके से अपने कॉल सेंटर पर अलर्ट भेज देगा। यह इंटरनेट यूजर का आइपी एड्रेस (यानी चोर का ठिकाना) भेज देगा और इंटरनेट सेवा प्रदाता की मदद से आप उस आइपी यूजर का पता खोज सकते हैं। अगर आपके लैपटॉप में कैमरा फिट है तो अलर्ट मिलते ही पीसीवाइजर कॉल सेंटर तुरंत इसे एक्टिवेट कर देगा और आप तक उसकी तस्वीर और आवाज भी भेज देगा।
चोरी होते ही दें सूचना
यह सारी सुविधा हासिल के लिए आपको एक आसान सा काम करना होगा। जैसे ही आपको अपना लैपटॉप चोरी होने का पता लगे तुरंत पीसीवाइजर कॉल सेंटर पर शिकायत दर्ज करा दें। इसके बाद कॉल सेंटरकर्मी आपके लैपटॉप की लोकेशन की पड़ताल करना शुरू कर देंगे।
और भी फायदे
पीसीवाइजर का फायदा सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं है। ठीक कराने दिए कंप्यूटर से दुकानदार अगर इसके हार्डवेयर का कोई पार्ट चुरा लेता है तो जैसे ही आप लैपटॉप खोलेंगे पीसीवाइजर तुरंत अलर्ट दिखा देगा। इसके अलावा, यह हार्ड डिस्क क्रैश होने के खतरे के बारे में 24 घंटे पहले ही चेतावनी दे देगा। यह तकनीक अभिभावकों के लिए भी बेहद मददगार है। इससे बच्चों द्वारा इंटरनेट पर किए कार्य की निगरानी होगी। उन्होंने क्या देखा, क्या पढ़ा और कितने समय तक इंटरनेट पर काम किया। साथ ही यह ताजे ऑपरेटिंग सिस्टम सुरक्षा के साथ विंडोज को खुद ब खुद अपडेट कर देगा और अनचाही फाइलों को डिलीट करेगा।
विशेष सर्वर की जरूरत नहीं
पीसीवाइजर कंपनी (भारत) के प्रबंध निदेशक ने कहा कि पीसीवाइजर के लिए किसी विशेष सर्वर या आपके मौजूद सिस्टम को रीकॉनफिगर कराने की जरूरत नहीं पड़ती है।
No comments:
Post a Comment