माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर कई बड़ी हस्तियां लगातार अपने प्रशंसकों से संवाद कर रही हैं। इनमें अमिताभ बच्चन से लेकर शाहरुख खान और सचिन तेंदुलकर से लेकर शशि थरुर तक शामिल हैं, लेकिन ज्यादातर लोगों ने इसे या तो अपनी बात कहने के लिए उपयोग किया या अपनी फिल्म का प्रचार करने के लिए, लेकिन अमेरिकी रैपर 50 परसेंट ने ट्विटर का इस्तेमाल एक नए उद्देश्य के लिए किया और इससे उन्हें कम से कम एक करोड़ डॉलर की कमाई हुई। वह भी सिर्फ दो दिन में। रैपर 50 परसेंट एक जमाने में ड्रग डीलर के रूप में भी पहचाने गए, लेकिन इन दिनों वह ट्विटर से कमाई के चलते सुर्खियां बटोर रहे हैं। दरअसल 50 परसेंट के ट्विटर पर करीब 40 लाख फॉलोवर्स हैं। इन फॉलोवर्स के लिए रैपर ने एक ट्वीट में लिखा एचएनएचवन के इस साल 15 प्रोड्क्ट आएंगे। यदि आप उनमें निवेश करते हैं तो एक तरह से मैं आपके लिए काम करूंगा। इस ट्वीट के बाद शेयर बाजार में अगले दो दिनों में कंपनी के 9.24 मिलियन शेयर खरीदे गए। चंद दिनों पहले तक घाटे में चल रही कंपनी के लिए यह बड़ा तोहफा था। इस कंपनी के करीब 13 फीसदी शेयर 50 परसेंट ने नवंबर में खरीदे थे। 50 परसेंट ने ट्वीट के बाद। इससे कंपनी के शेयरों में भारी उछाल आया और माना जा रहा है कि रैपर ने करीब एक करोड़ डॉलर से ज्यादा कमाई की। बाद में 50 परसेंट ने साफ-साफ माना भी कि इस कंपनी में उनकी हिस्सेदारी है। उन्होंने फिर ट्वीट किया-कंपनी में मेरी हिस्सेदारी है। शेयर खरीदने की सलाह मेरी है, लेकिन आप वित्तीय जानकारों से सलाह लें। कुछ लोग मान सकते हैं कि 50 परसेंट ने अपने प्रशंसकों से धोखा किया। दूसरी तरफ सोशल मीडिया के जानकार यह भी मान रहे है कि 50 परसेंट ने कई कारोबारियों को ट्विटर से जुड़ने के लिए प्रेरित किया है। इसके अलावा कई दूसरे सेलेब्रिटी भी अब इसी अंदाज में अपनी कंपनियों का प्रचार कर सकती हैं। ट्विटर पर अक्सर सेलेब्रिटी की बात काफी गंभीरता से सुनी जाती है और रैपर ने इसी बात का फायदा उठाया। भारत में भी कई सेलेब्रिटीज की अपनी कंपनी हैं या उन्होंने कई कंपनियों में भारी निवेश किया हुआ है। वह भी अब इस राह पर चलते हुए अच्छी कमाई के बारे में सोच सकते हैं, लेकिन सवाल आम लोगों का है जो सेलेब्रिटी की बात पर आंख मूंदकर विश्वास करते हैं। निश्चित रूप से इस तरह की आर्थिक सलाह पर आम लोगों को सोच समझकर विश्वास करना चाहिए।
No comments:
Post a Comment