अगर सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले समय में कार्यालयों में आज की तरह कंप्यूटर और फोन रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कनाडा के वैज्ञानिकों ने विशेष मैटीरियल से बना ऐसा स्मार्ट कंप्यूटर बनाया है, जो क्रेडिट कार्ड की तरह पतला और लचीला है। इसे पेपरफोन नाम दिया गया है। इसकी खासियत यह है कि जगह के अनुरूप उसमें फिट हो जाता है। यह नई तकनीक कंप्यूटर जगत में क्रांति ला देगी। प्रमुख शोधकर्ता रॉयल वर्टिगाल के मुताबिक 9.5 सेमी का यह स्मार्ट कंप्यूटर भविष्य में पतले हैंडसेट और कंप्यूटर की दुनिया में क्रांति लाएगा। इसमें यूजर्स को कंप्यूटर और मोबाइल फोन दोनों की सुविधाएं मिलेगी। इससे कॉल करने, संगीत बजाने, गूगल के मानचित्र को बड़ा करने, ई-बुक को पढ़ने के लिए स्क्रीन को टच करने या बटन को दबाने की जरूरत नहीं है। बल्कि इसके कमांड कोनों को मोड़ने और आगे-पीछे करने से नियंत्रित होंगे। अलग-अलग दिशा में मोड़ने के अलग कमांड होंगे। अपने लचीलेपन के कारण मौजूदा उपकरणों की तुलना में इसका रखरखाव में आसान होगा। यह आपकी जेब में भी आसानी से आ जाएगा। किंग्सटन में क्वींस यूनिवर्सिटी में ह्यूमन मीडिया लैब के निर्देशक वर्टिगाल ने कहा, यही भविष्य है। आने वाले पांच वर्षो में सब कुछ ऐसे ही बदल जाएगा। यह कंप्यूटर कागज की पतली शीट की तरह होगा। इस पर पेन से लिखा भी जा सकता है। इसके इस्तेमाल से भविष्य में कार्यालय में कंप्यूटर, कागज या प्रिंटर की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने बताया कि इस पेपर कंप्यूटर के इस्तेमाल से कागजों की बचत होगी। एक तरह से यह पेपरलेस ऑफिस की कल्पना को पूरा कर सकता है। इसमें हर चीज डिजिटल रूप में संग्रहित रहेगी। नई जनरेशन का यह कंप्यूटर बेहद हल्का और पतला होगा जिसे आसानी से कहीं भी ले जाया जा सकता है। विशेषज्ञों ने एक ऐसा कंप्यूटर भी विकसित किया है, जिसे अपनी कलाई में बंाधा जा सकता है और उसे कलाई से हटाने पर नोटपैड की तरह उपयोग किया जा सकता है। इसे गेम चेंजिंग टेक्नोलॉजी नाम दिया गया है। इस तरह के तकनीकी बदलाव को बाजार में आने में पांच से दस साल लगेंगे। यह कंप्यूटर 10 मई को वैंकूवर में प्रदर्शित किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment